अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अलीगढ़ का नाम बदलकर ‘हरिगढ़’ करने की बात कही है। यह बयान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की चतुर्थ पुण्यतिथि पर अलीगढ़ में आयोजित हिंदू गौरव दिवस के कार्यक्रम में दिया। डिप्टी CM ने कहा, “मेरे मन में जो इच्छा है, उसे आज व्यक्त कर देना चाहता हूं। अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ करने में अब देरी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने यह भी याद दिलाया कि फैजाबाद का नाम अयोध्या किया गया, इलाहाबाद का नाम प्रयागराज किया गया और हाल ही में जलालाबाद का नाम बदलकर परशुराम पुरी कर दिया गया। ऐसे उदाहरणों को सामने रखते हुए उन्होंने अलीगढ़ का नाम बदलने की जरूरत पर जोर दिया।

साथ ही उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को पद्म विभूषण सम्मान मिला था, लेकिन उनकी राय में उन्हें भारत रत्न दिया जाना चाहिए। उन्होंने मंच पर उपस्थित लोगों से इस सुझाव पर सहमति जताने की उम्मीद भी जताई। उल्लेखनीय है कि अलीगढ़ में नाम परिवर्तन की यह मांग पिछले कई वर्षों से चल रही है और उप मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद यह चर्चा तेज हो गई है।

शेयर करना
Exit mobile version