फतेहगढ़ साहिब, 28 मार्च, 2026: पंजाब सरकार ने अपनी प्रमुख स्वास्थ्य योजना को और बड़ा विस्तार देते हुए 109 नए आम आदमी क्लीनिक जनता को समर्पित किए। इससे राज्य में आम आदमी क्लीनिकों की कुल संख्या 990 हो गई है और अगले कुछ महीनों में 400 और क्लीनिक खोले जाएंगे। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस अवसर पर जनता को संबोधित करते हुए इसे राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में क्रांति करार दिया।

अरविंद केजरीवाल ने कहा, “पिछले चार सालों में हमने 990 आम आदमी क्लीनिक खोले हैं, और आने वाले दिनों में 400 और क्लीनिकों की योजना है। इन क्लीनिकों में 107 दवाइयाँ और 47 डायग्नोस्टिक टेस्ट मुफ्त दिए जा रहे हैं। अब तक 5 करोड़ ओपीडी विजिट्स हो चुकी हैं और 1.65 लाख लोग इलाज का लाभ उठा चुके हैं।”

उन्होंने यह भी बताया कि पंजाब सरकार 65 लाख परिवारों को हेल्थ कार्ड जारी कर रही है, जिनमें से 30 लाख पहले ही जारी किए जा चुके हैं। इसके अलावा, राज्य में हर गांव, हर मोहल्ले में आम आदमी क्लीनिक उपलब्ध होंगे, जहां लोग मुफ्त इलाज और दवाइयाँ प्राप्त कर सकेंगे।

अरविंद केजरीवाल ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, “अगर भाजपा सरकार आती है, तो पंजाब में भी दिल्ली की तरह मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं बंद हो सकती हैं। इसलिए, भाजपा को वोट न दें।”

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भी अपनी सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा, “हमने पंजाब में किसानों के लिए पानी की समस्या को हल किया, मुफ्त बिजली दी, और 65,000 सरकारी नौकरियाँ दीं।” उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर हमला करते हुए कहा, “कांग्रेस और अकाली दल ने पंजाब को लूटा, लेकिन लोग अब इनके झांसे में नहीं आएंगे।”

पंजाब सरकार की स्वास्थ्य योजना को लेकर उन्होंने कहा कि “मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना” के तहत, गरीब परिवारों को प्राइवेट अस्पतालों में भी मुफ्त इलाज मिल सकेगा, जिसमें पंजाब के प्रमुख अस्पतालों, जैसे मोहाली का फोर्टिस अस्पताल शामिल है।

शेयर करना
Exit mobile version