प्रयागराज : अयोध्या चंदा मामले को लेकर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि इस मामले की जांच हो चुकी है और एफआईआर दर्ज की गई है, जबकि आगे की कार्रवाई भी जारी है। विपक्ष की बयानबाजी को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि विपक्ष केवल अपने अस्तित्व को बचाने की कोशिश कर रहा है।
केशव प्रसाद मौर्य ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह चंदे के मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं, जबकि इसका कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष को 2027 में हार का अहसास अभी से हो गया है, इसलिए वह बेचैन है और लगातार विरोध कर रहा है।
सरकार लगातार विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है
उन्होंने आगे कहा कि आज विपक्ष देश और प्रदेश में हर जनहितकारी कार्य का विरोध कर रहा है, जबकि भाजपा की डबल इंजन सरकार जनता के हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने ‘राम जी योजना’ का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकार लगातार विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। साथ ही उन्होंने बताया कि मनरेगा के तहत पहले जहां 100 दिन का रोजगार मिलता था, अब उसे बढ़ाकर 125 दिन किया गया है, जिसका भी विरोध किया गया, लेकिन सरकार ने इसे लागू कर दिया है।















