बिहार के गोपालगंज जिले के माधोपुर थाना इलाके के बेलसंड गांव में बॉलीवुड एक्टर पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई बिजेंद्र नाथ तिवारी पर हमला हुआ है। पुरानी रंजिश और आपसी झगड़े की वजह से हुए इस हमले के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल बिजेंद्र नाथ तिवारी को पहले लोकल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां फर्स्ट एड के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।
पुरानी रंजिश की वजह हमला हुआ
जानकारी के मुताबिक, बेलसंड गांव में चल रहे झगड़े और पुरानी रंजिश की वजह से हमलावरों ने बिजेंद्र नाथ तिवारी को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि रविवार रात को आरोपी घात लगाए बैठे थे। जैसे ही बिजेंद्र नाथ तिवारी वहां पहुंचे, उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया, हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही गिर पड़े।
मामले की जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलने के बाद लोकल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से सबूत इकट्ठा करने के साथ ही आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए एक स्पेशल टीम बनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारी तुरंत कार्रवाई कर रहे हैं और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।
मुख्य आरोपी हुआ गिरफ्तार
वही सोमवार को पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली। SDPO-2 राजेश कुमार ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी राजेश साह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। एहतियात के तौर पर पुलिस ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है।
साथ ही, घायल बिजेंद्र नाथ तिवारी के स्वास्थ्य पर परिवार और शुभचिंतक नजर रख रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा किया जाएगा।














