संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2025 का फाइनल रिजल्ट शुक्रवार, 6 मार्च 2026 को जारी कर दिया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल कर टॉप किया है। वहीं राजेश्वरी सुवे एम दूसरे स्थान पर और आकांक्ष धुल तीसरे स्थान पर रहे।
इस वर्ष कुल 958 उम्मीदवारों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है, जिन्हें भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और अन्य केंद्रीय सेवाओं के लिए चुना गया है।
UPSC के मुताबिक, चयनित उम्मीदवारों के अंक रिजल्ट घोषित होने की तारीख से 15 दिनों के भीतर आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
सिविल सेवा परीक्षा 2025 की लिखित परीक्षा अगस्त 2025 में आयोजित की गई थी, जबकि पर्सनालिटी टेस्ट (इंटरव्यू) दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच आयोजित किए गए। इंटरव्यू का आयोजन नई दिल्ली स्थित UPSC मुख्यालय, धौलपुर हाउस, शाहजहां रोड पर किया गया।
आयोग ने जानकारी दी है कि दो उम्मीदवारों का परिणाम फिलहाल रोका गया है, जबकि 348 अनुशंसित उम्मीदवारों का परिणाम अस्थायी (प्रोविजनल) रखा गया है।
UPSC सिविल सेवा परीक्षा हर साल तीन चरणों में आयोजित की जाती है—प्रारंभिक परीक्षा (Prelims), मुख्य परीक्षा (Mains) और इंटरव्यू। इन तीनों चरणों में सफल होने वाले उम्मीदवारों को IAS, IFS, IPS सहित कई प्रतिष्ठित केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति दी जाती है।
ऐसे डाउनलोड करें UPSC CSE 2025 का रिजल्ट:
- सबसे पहले UPSC की आधिकारिक वेबसाइट https://upsconline.gov.in पर जाएं।
- होमपेज पर “Final Result – Civil Services Examination 2025” लिंक पर क्लिक करें।
- इसके बाद रोल नंबर के अनुसार रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा।
- रिजल्ट डाउनलोड कर भविष्य के लिए सुरक्षित रख लें।














