अहमदाबाद – अदाणी समूह की रियल एस्टेट शाखा आदाणी रियल्टी को ग्रोहे हुरुन इंडिया विजनरी रियल एस्टेट ब्रांड ऑफ द ईयर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान इंडियाज मोस्ट रिस्पेक्टेड रियल एस्टेट लीडर्स कॉन्क्लेव 2025 के दौरान नई दिल्ली में प्रदान किया गया।
यह पुरस्कार आदाणी रियल्टी की असाधारण प्रगति, दूरदर्शी सोच, और नवाचार, सतत विकास, गुणवत्ता व ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण के जरिए भारतीय रियल एस्टेट के भविष्य को आकार देने के प्रति प्रतिबद्धता को मान्यता देता है।
आदाणी रियल्टी के प्रवक्ता ने कहा, “यह सम्मान विश्वस्तरीय विकास कार्यों में हमारे अडिग विश्वास और उद्देश्य व सटीकता से प्रेरित परिवर्तनकारी विकास की हमारी सोच का प्रतिबिंब है।”
आदाणी रियल्टी ने 2010 में अहमदाबाद में 600 एकड़ की शांतिग्राम टाउनशिप से अपनी यात्रा शुरू की थी। इसके बाद से कंपनी ने आवासीय, वाणिज्यिक और सामाजिक आधारभूत ढांचे सहित विभिन्न क्षेत्रों में विस्तार किया है और मुंबई, पुणे, गुरुग्राम व अहमदाबाद जैसे तेजी से विकसित होते शहरी केंद्रों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।
आज कंपनी 24 मिलियन वर्गफुट विकसित क्षेत्र और 7000 से अधिक संतुष्ट परिवारों के साथ एक प्रमुख ब्रांड बन चुकी है। वर्ष 2024 में कंपनी का मूल्यांकन ₹56,500 करोड़ हुआ था, जिससे यह ग्रोहे-हुरुन इंडिया रियल एस्टेट 100 सूची में देश की सबसे उच्च मूल्य वाली अनलिस्टेड रियल एस्टेट फर्म बन गई।
यह पुरस्कार इस बात की पुष्टि करता है कि आदाणी रियल्टी दूरदर्शिता और मजबूत क्रियान्वयन के संतुलन से न केवल ग्राहकों बल्कि उद्योग जगत के विश्वास को भी अर्जित कर रही है।
हुरुन रिपोर्ट, जो 1999 में लंदन में स्थापित हुआ और 2012 में भारत में शुरू हुआ, संपत्ति निर्माण, नवाचार और परोपकार पर आधारित अपनी प्रतिष्ठित सूचियों के लिए जाना जाता है, जिनमें इंडिया रिच लिस्ट और हुरुन इंडिया 500 शामिल हैं।