अदाणी ग्रुप ने ओडिशा में 6,081 करोड़ रुपये के निवेश का ऐलान किया है। इस निवेश के तहत तीन प्रमुख प्रोजेक्ट्स – डेटा सेंटर, थर्मल पावर प्लांट और सीमेंट मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित किए जाएंगे। यह घोषणा बुधवार को आयोजित एक इन्वेस्टमेंट समिट के दौरान अदाणी पोर्ट्स (APSEZ) के MD करण अदाणी ने की।
3 बड़े प्रोजेक्ट्स और रोजगार सृजन
करण अदाणी ने कहा कि ओडिशा में निवेश किए जा रहे तीन प्रमुख प्रोजेक्ट्स में से पहला डेटा सेंटर है, जो भुवनेश्वर में 800 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित होगा। दूसरा प्रोजेक्ट कटक के पास थर्मल पावर प्लांट है, जिसमें 3,181 करोड़ रुपये का निवेश होगा। तीसरा प्रोजेक्ट भी कटक के पास सीमेंट मैन्युफैक्चरिंग प्लांट है, जिसमें 2,100 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
इन तीन प्रोजेक्ट्स से ओडिशा में 9,700 लोगों को सीधा रोजगार मिलने की संभावना है।
- डेटा सेंटर – भुवनेश्वर में 800 करोड़ रुपये निवेश, 600 लोगों को रोजगार
- थर्मल पावर प्लांट – कटक के पास 3,181 करोड़ रुपये निवेश, 2,500 लोगों को रोजगार
- सीमेंट मैन्युफैक्चरिंग प्लांट – कटक के पास 2,100 करोड़ रुपये निवेश, 7,000 लोगों को रोजगार
करण अदाणी ने ओडिशा के प्रति भावनात्मक लगाव व्यक्त किया
समिट के दौरान करण अदाणी ने ओडिशा के प्रति अपने भावनात्मक लगाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “मैं पहली बार ओडिशा एक अतिथि के रूप में ‘उत्कर्ष 2025’ के लिए आया था, लेकिन हर बार जब मैं यहां से जाता हूं, तो खुद को इस परिवार के और करीब पाता हूं। आपकी आत्मीयता, आपके दृष्टिकोण की स्पष्टता और जिस शांत आत्मविश्वास के साथ आप ओडिशा के भविष्य की बात करते हैं, ये किसी संक्रमणकालीन राज्य के गुण नहीं हैं। यह उस राज्य की पहचान है जिसे पहले से ही पता है कि उसे कहां जाना है।”
विरासत और आधुनिक निर्माण की बात की
अदाणी ने ओडिशा की विरासत को भी उजागर किया, विशेष रूप से कोणार्क के कलिंग निर्माताओं की कल्पना को। उन्होंने कहा, “कोणार्क के कलिंग निर्माताओं को यह बखूबी पता था कि महान संरचनाओं के लिए केवल दृष्टिकोण ही नहीं, बल्कि सामग्री की भी आवश्यकता होती है। आज हम वही कर रहे हैं, बस सामग्री अब सीमेंट है और हम अस्पताल, स्कूल, सड़कें और घर बना रहे हैं।”
रोजगार और आत्मनिर्भरता पर जोर
करण अदाणी ने कटक के पास प्रस्तावित थर्मल पावर प्लांट के बारे में कहा, “यह प्लांट प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 2,500 लोगों को रोजगार देगा। यह सुनिश्चित करेगा कि ओडिशा अपने भविष्य का निर्माण अपने हाथों से, अपनी ही मिट्टी से करे।”
ओडिशा का डिजिटल इकोनॉमी में योगदान
डेटा सेंटर के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, “इंफो वैली भुवनेश्वर में 800 करोड़ रुपये के निवेश से बनने वाला डेटा सेंटर केवल सर्वरों से भरी एक इमारत नहीं होगा, बल्कि यह डिजिटल अर्थव्यवस्था पर ओडिशा का दावा है। यह वह बुनियादी ढांचा है जिसके माध्यम से आने वाले दशकों तक AI, क्लाउड कंप्यूटिंग और डिजिटल गवर्नेंस का प्रवाह होगा।”
अदाणी समूह और ओडिशा का जुड़ाव
करण अदाणी ने कहा, “ओडिशा की सफलता में अदाणी समूह की हिस्सेदारी महज संयोग नहीं है; यह संरचनात्मक है। ओडिशा जितना अधिक बढ़ेगा, हम भी इसके साथ उतना ही आगे बढ़ेंगे।”















