भारत सरकार द्वारा देशभर में मुफ्त ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) वैक्सीनेशन अभियान शुरू करने के फैसले का इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने स्वागत किया है। एसोसिएशन ने इसे सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ लड़ाई में ऐतिहासिक और निर्णायक कदम बताया है।
यह राष्ट्रीय अभियान 28 फरवरी 2026 से शुरू होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान के अजमेर से इस पहल का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। सरकार का लक्ष्य किशोरियों को मुफ्त HPV टीका उपलब्ध कराकर भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के मामलों को कम करना है।
बता दें, IMA के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार जे नायक ने इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि देश में हर साल बड़ी संख्या में महिलाएं सर्वाइकल कैंसर के कारण जान गंवाती हैं, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में। उन्होंने कहा कि यह अभियान आने वाले वर्षों में महिलाओं को इस घातक बीमारी से मुक्ति दिलाने में मदद करेगा। उन्होंने सरकार को इस पहल के लिए बधाई दी।
वहीं, IMA जो देशभर के चार लाख से अधिक डॉक्टरों का प्रतिनिधित्व करता है, ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर इस अभियान के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। एसोसिएशन ने 14 वर्ष तक की किशोरियों को मुफ्त HPV वैक्सीन देने के फैसले को दूरदर्शी कदम बताया।
IMA ने बताया कि 22 जनवरी 2026 को प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर “मन की बात” कार्यक्रम में HPV टीकाकरण के महत्व को उजागर करने का अनुरोध किया गया था। इसके अलावा 23 जनवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को भी पत्र भेजकर 9 से 14 वर्ष की लड़कियों के लिए मुफ्त टीकाकरण, GST में छूट और सब्सिडी की मांग की गई थी।
IMA ने फेडरेशन ऑफ ऑब्सटेट्रिक एंड गायनेकोलॉजिकल सोसाइटीज ऑफ इंडिया (FOGSI) के साथ मिलकर 30 हजार से अधिक डॉक्टरों को काउंसलिंग और HPV वैक्सीनेशन के लिए प्रशिक्षित किया है। देशभर में 1,800 से ज्यादा स्थानीय शाखाओं के माध्यम से अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने का आश्वासन भी दिया गया है।
IMA ने दोहराया कि वह भारत में महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से मुक्त कराने के मिशन में सरकार के साथ मजबूती से खड़ा है।














