लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं और बेटियों को लुभाने के लिए दो बड़े ऐलान किए हैं। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ शुरू की जाएगी, जिसके तहत प्रदेश की महिलाओं को हर साल 40,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। इसके साथ ही, 12वीं पास करने वाली हर बेटी को लैपटॉप भी दिया जाएगा।
महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं
अखिलेश यादव ने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा किसी भी सूरत में कमजोर नहीं पड़ने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के मन में आज भी असुरक्षा का भाव है, जिसे दूर करना सपा की पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा, “हमारी योजनाएं सिर्फ घोषणाएं नहीं हैं, बल्कि इन्हें चुनाव घोषणापत्र का हिस्सा बनाया जाएगा।”
भाजपा पर साधा निशाना
अखिलेश ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि आज भाजपा के लिए नारी केवल नारा बनकर रह गई है, जबकि सपा महिलाओं को उनका वास्तविक हक दिलाने का काम करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि जापानी प्रतिनिधिमंडल को 1090 महिला हेल्पलाइन और अपनी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई थी, जो दिखाता है कि महिला सशक्तिकरण के मामले में सपा का मॉडल कितना मजबूत है।
बेटियों को मिलेगा डिजिटल सहारा
लैपटॉप देने के ऐलान के पीछे सपा की कोशिश युवा छात्राओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। पार्टी का मानना है कि इससे बेटियों को पढ़ाई में मदद मिलेगी और वे तकनीकी रूप से सशक्त होंगी। सपा ने इस दिशा में काम भी शुरू कर दिया है और इसे अगला बड़ा चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी में है।
26 हजार बंद स्कूलों को दोबारा खोला जायेगा
अखिलेश यादव ने कहा सरकार बनने पर बंद किए गए 26 हजार प्राइमरी स्कूलों को फिर से शुरू किया जाएगा। स्कूल बंद होने से बेटियां सबसे ज्यादा प्रभावित हुईं। सरकार आने पर बंद स्कूलों को दोबारा शुरू करेंगे।













