लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबा जी जोरों पर है और इसी बीच योगी सरकार ने एक बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (JPNIC) को प्राइवेट सेक्टर को सौंपने के प्रस्ताव पर मुहर लग गई है। यह सेंटर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का ड्रीम प्रोजेक्ट माना जाता है, जो उन्हीं के कार्यकाल में बनकर तैयार हुआ था।
831 करोड़ रुपये में होगी डील
सरकार ने JPNIC को 831 करोड़ रुपये में 30 साल की लीज़ पर देने का फैसला किया है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के प्रस्ताव के मुताबिक, रॉकवुड होटल्स एंड रिजॉर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड और वृंदावन बॉटलर्स नाम की दो कंपनियों को यह जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके बदले दोनों कंपनियों को निर्धारित रकम एलडीए को चुकानी होगी। चुनावी सियासत के बीच सरकार के इस कदम को लेकर विपक्ष की तरफ से सवाल उठने भी तय हैं, लेकिन सरकार इसे विकास और प्रशासनिक सुधार की दिशा में उठाया गया कदम बता रही है।











