Shubhanshu Shukla Lucknow. अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के ऐतिहासिक मिशन से हाल ही में लौटे ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला मंगलवार को लखनऊ स्थित अपने पुराने स्कूल सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, अलीगंज पहुंचे। यहां स्कूल के छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर उनका जोरदार स्वागत किया।

शुभांशु शुक्ला ने बच्चों के साथ अपने स्कूली दिनों की यादें साझा कीं और स्कूल के गलियारों से गुज़रते हुए परिसर में बिताए पलों को याद किया। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी कामना और बेटे कियाश भी मौजूद थे।

छात्रों और शिक्षकों से बातचीत

स्कूल पहुंचने के बाद ग्रुप कैप्टन ने कहा वापस आकर बहुत अच्छा लग रहा है। ये वही कक्षाएं हैं जहां मैंने कभी पढ़ाई की थी। ऐसा लग रहा है जैसे मैं घर लौट आया हूं। उन्होंने यह भी बताया कि जिन शिक्षकों के सामने कभी वह नाचने से डरते थे, आज उन्हें देखकर अच्छा लग रहा है। उनके इस शब्दों पर शिक्षक मुस्कुराए और तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी।

अंतरिक्ष मिशन का उल्लेख

शुभांशु शुक्ला राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष जाने वाले दूसरे भारतीय और ISS तक पहुंचने वाले पहले भारतीय नागरिक बने हैं। उन्होंने ‘एक्सिओम-चार’ मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर 18 दिनों का अभूतपूर्व मिशन सफलतापूर्वक पूरा किया।

मुख्यमंत्री योगी का सम्मान

लखनऊ पहुंचने पर शुभांशु शुक्ला का जोरदार स्वागत किया गया। इसी दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उनके सम्मान में 12वीं के बाद पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए उनके नाम से छात्रवृति देने की घोषणा की। शुभांशु शुक्ला ने इस सम्मान के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। इस ऐलान के बाद प्रदेश के छात्रों में खुशी की लहर दौड़ गई।

लखनऊ वासियों का उत्साह

अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का लखनऊ में हर तरफ दिल से स्वागत किया जा रहा है। छात्रों, शिक्षकों और नागरिकों ने उन्हें देखकर प्रेरणा और गर्व महसूस किया।

क्या 2027 में फिर साथ आएंगे राजा भैया और अखिलेश यादव ? | Podcast | Raja Bhaiya | Brajesh Mishra |

शेयर करना
Exit mobile version