मनोरंजन डेस्क : आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ का टाइटल ट्रैक आखिरकार रिलीज कर दिया गया है। मशहूर संगीतकार हिमेश रेशमिया द्वारा कंपोज किया गया यह खूबसूरत गाना श्रेया घोषाल और निहाल तौरो की जादुई आवाज से सजा है। यह गाना निर्देशक सूरज बड़जात्या की फिल्मों के उस खास अंदाज को पेश करता है, जो पारिवारिक मूल्यों, गहरे प्रेम और सांस्कृतिक परंपराओं के लिए जाना जाता है।
फिल्म में यह गाना आयुष्मान और शरवरी की शादी के उत्सव, पारिवारिक मुलाकातों और पारंपरिक रस्मों के इर्द-गिर्द बुना गया है। हिमेश रेशमिया ने इसे अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर फैंस के साथ साझा किया है।
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक सूरज बड़जात्या फिल्म ‘ऊंचाई’ की सफलता के बाद एक बार फिर निर्देशक की कुर्सी पर लौटे हैं। इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि राजश्री बैनर का सबसे पसंदीदा आइकॉनिक किरदार ‘प्रेम’ पूरे 12 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहा है।
आयुष्मान खुराना पहली बार राजश्री के इस ऐतिहासिक ‘प्रेम’ के किरदार को अपने अंदाज में निभाते नजर आएंगे। वहीं उनके साथ शरवरी की जोड़ी भी पहली बार स्क्रीन पर देखने को मिलेगी। फिल्म ‘प्रेम रतन धन पायो’ के बाद सूरज बड़जात्या ने एक बार फिर संगीतकार हिमेश रेशमिया पर भरोसा जताया है, जिससे दर्शकों को एक और सदाबहार म्यूजिकल एल्बम मिलने की पूरी उम्मीद है।















