वाराणसी: उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में वाराणसी स्नातक एमएलसी सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने जीत दर्ज की है। भारत समाचार को मिले अपडेट के मुताबिक, आशुतोष सिन्हा ने भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह को 18,459 वोटों के अंतर से हराया है। इस जीत के साथ वाराणसी स्नातक सीट पर समाजवादी पार्टी ने अपना कब्जा बरकरार रखा।
लगातार तीन दिनों तक चली मतगणना के दौरान गहमागहमी, विरोध और दोबारा गिनती की मांग के बीच चुनाव परिणाम सामने आया। मतगणना के दौरान आशुतोष सिन्हा लगातार बढ़त बनाए हुए थे। अंततः उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को पीछे छोड़ते हुए जीत हासिल की।
केदारनाथ सिंह ने हार स्वीकार की
अंतिम परिणाम आने से पहले ही भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपनी हार स्वीकार कर ली थी। उन्होंने जनादेश का सम्मान करते हुए मतदाताओं और अपने समर्थकों का आभार जताया।
शिक्षक एमएलसी सीट पर भी सपा की जीत
वाराणसी में स्नातक एमएलसी सीट के साथ शिक्षक एमएलसी सीट पर भी समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की है। शिक्षक सीट पर सपा प्रत्याशी लाल बिहारी यादव विजयी हुए हैं। इस तरह वाराणसी की दोनों एमएलसी सीटों पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। वाराणसी के इन चुनाव परिणामों से विधान परिषद चुनाव में भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच मुकाबले की तस्वीर और स्पष्ट हुई है।















