नई दिल्ली: वंदे मातरम को लेकर जारी विवाद के बीच बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस द्वारा सिर्फ वंदे मातरम के शुरुआती दो पद गाने का फैसला उसकी “वोट बैंक की भूख” को दिखाता है।
नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) का फैसला केवल राजनीतिक बचाव नहीं बल्कि कांग्रेस की सोच का प्रमाण है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस अब “नई मुस्लिम लीग” बन गई है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि कांग्रेस ने वंदे मातरम को लेकर अपने रुख को आधिकारिक नीति बना लिया है। नितिन नवीन ने कहा कि देश के लिए बलिदान देने वालों का अपमान हो रहा है और यह सिर्फ राजनीतिक मुद्दा नहीं बल्कि वोट बैंक की राजनीति का प्रमाण है।
यह बयान कांग्रेस कार्यसमिति के उस फैसले के बाद आया है, जिसमें पार्टी कार्यक्रमों में वंदे मातरम के केवल पहले दो पद गाने की बात कही गई थी। बीजेपी ने इसे लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है।
वहीं कांग्रेस की ओर से कहा गया कि पार्टी ने वंदे मातरम के पूरे सम्मान को बनाए रखते हुए यह फैसला लिया है। इस विवाद के बाद दोनों दलों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।














