उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर दौरे के दौरान श्रीमद् भागवत कथा के समापन समारोह में सम्मिलित होकर सनातन धर्म के विरोधियों और तथाकथित ‘रामद्रोहियों’ पर तीखा हमला बोला। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि सनातन धर्म ही भारत का मूल धर्म है और सनातन के बिना भारत की कल्पना भी नहीं की जा सकती। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सनातन की एकता में किसी भी प्रकार का संशय नहीं होना चाहिए।
बता दें, अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने विरोधियों पर प्रहार करते हुए कहा कि रामद्रोही समाज में भ्रम पैदा करने की साजिश रच रहे हैं क्योंकि उनसे अयोध्या का अलौकिक वैभव बर्दाश्त नहीं हो रहा है। सीएम योगी ने लोगों को सचेत करते हुए कहा, “समाज को ऐसे कालनेमियों को पहचानना होगा जो धर्म और संस्कृति के नाम पर भ्रम फैलाते हैं।”
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने गौ-संरक्षण को सनातन धर्म की मूल पहचान बताते हुए गौ-सेवा का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने अब तक 7,700 से अधिक गौशालाओं का निर्माण कराया है ताकि गौमाता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। सीएम योगी ने श्रद्धालुओं और आम जनता से अपील की कि वे स्वयं गौशालाओं में जाएं और गौमाता को गोद लेकर गौ-सेवा के इस अभियान में सहभागिता निभाएं।















