उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में प्रदेश में निवेश और विकास की दिशा में हो रहे बड़े बदलावों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा, “आज उत्तर प्रदेश भारत का सबसे बड़ा फूड बास्केट बन चुका है, जो पहले किसानों की आत्महत्या की दुखद घटनाओं के लिए जाना जाता था। अब, प्रदेश ने पूरी दुनिया में निवेश के लिए एक नया माहौल तैयार किया है, और इसका फल अब दिखने लगा है।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले जब यूपी में निवेश लाने की बात की जाती थी तो लोग हंसी उड़ाते थे, लेकिन अब निवेश धरातल पर उतर चुका है। “आज यूपी में 75,000 एकड़ का लैंड बैंक है और सबसे ज्यादा एक्सप्रेस-वे यूपी में हैं,” योगी ने कहा।
सीएम ने यूपी की पहले की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा, “पहले प्रदेश में एक जिला एक माफिया का होता था, अब एक जिला एक उत्पाद की योजना लागू की गई है, जिससे उद्यमिता और व्यापार को बढ़ावा मिला है।” उन्होंने प्रदेश के व्यापारियों, उद्यमियों और बेटियों के लिए सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात भी की।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यूपी सरकार निवेशकों को हर सुविधा और इंसेंटिव राशि दे रही है, जिससे राज्य में व्यापार और उद्योग को लेकर सकारात्मक माहौल बने। उन्होंने प्रदेश में 16 डोमेस्टिक और 4 इंटरनेशनल एयरपोर्ट होने का भी जिक्र किया। सीएम योगी ने कहा, “हमने दुनिया के सामने यूपी की पहचान को स्थापित किया है और अब यूपी में कोई वजूद का संकट नहीं है।”












