नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में सीवर की गंदगी एक लाइलाज बीमारी का रूप लेती जा रही है। इस गंदगी के कारण जहां प्रसिद्ध नैनी झील का पानी लगातार प्रदूषित हो रहा है, वहीं पर्यटकों के बीच भी शहर की छवि को लेकर गलत संदेश जा रहा है। शुक्रवार को हुई तेज बारिश ने स्थिति को और विकराल बना दिया, जब सीवर लाइन ओवरफ्लो होने के साथ-साथ कलेक्ट्रेट मार्ग पर फांसी गधेरे के पास मौजूद सीवर लाइन क्षतिग्रस्त हो गई और हजारों लीटर गंदगी सीधे झील में जा पहुंची।
व्यापारियों ने जताई नाराजगी
नयना देवी व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन ने इस घटना पर गहरी नाराजगी जाहिर की है। उनका कहना है कि कलेक्ट्रेट मार्ग से आए दिन बड़े-बड़े अधिकारी गुजरते हैं, लेकिन किसी ने भी इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया और सबने इससे नजरें फेर लीं।
वायरल वीडियो के बाद हुई कार्रवाई
इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर जमकर वायरल हुआ, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया। वीडियो सामने आने के बाद जल संस्थान के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त सीवर लाइन की मरम्मत का काम शुरू किया। हालांकि, झील में पहुंच चुकी हजारों लीटर गंदगी से पर्यावरण और पर्यटन पर पड़ने वाले असर को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।














