मथुरा जिले के कोसीकलां थाना क्षेत्र से एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं और दोस्ती के अटूट रिश्ते को झकझोर कर रख दिया है। जहाँ लोग अपनों पर जान छिड़कते हैं, वहीं बरका गाँव में पैसों के मामूली लेनदेन को लेकर दोस्तों ने ही अपने साथी की बेरहमी से हत्या कर दी। पूरा मामला पाँच दिन पहले लापता हुए एक युवक से जुड़ा हुआ है। बताया जाता है कि पैसों के विवाद को लेकर आरोपियों के मन में ऐसी हैवानियत जागी कि वे युवक को बहला-फुसलाकर जंगल की तरफ ले गए। वहाँ आरोपियों ने पहले तो उसके साथ मारपीट की और फिर बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए उसे कुएं के पानी में बार-बार डुबो-डुबोकर मार डाला।
शातिर दिमाग कातिलों की हैवानियत यहीं खत्म नहीं हुई। वारदात के अगले दिन आरोपी फिर उसी जगह लौटे। उन्होंने कुएं से शव को बाहर निकाला और साक्ष्य मिटाने की नीयत से बरका से बांसा मार्ग पर एक खेत के किनारे गड्ढा खोदकर लाश को दफना दिया, ताकि किसी को कानो-कान भनक तक न लग सके।
जब युवक काफी दिनों तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ती गई और उन्होंने पुलिस में गुहार लगाई। कोसीकलां पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए छानबीन शुरू की और शक के आधार पर घेराबंदी करके एक आरोपी को धर दबोचा। कड़ी पूछताछ में जब उसने कड़ाई से सच उगला, तो सुनने वालों के रोंगटे खड़े हो गए।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने खेत में खुदाई करवाकर शव को बाहर निकाला और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गाँव में मातम के साथ-साथ आक्रोश व्याप्त है। फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है, जबकि फरार चल













