उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से प्रदेशवासियों और अन्नदाताओं के लिए एक बड़ी खबर सामने आ रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज राज्य के लोगों को दो बड़ी सौगातें देने जा रहे हैं। सीएम आवास पर सुबह 9:30 बजे आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ‘भारत टैक्सी योजना’ और ‘मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना’ का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही कृषक समृद्धि योजना के ई-पोर्टल की भी शुरुआत की जाएगी।
‘भारत टैक्सी योजना’ के लागू होने से आम यात्रियों को आवागमन में सुगम, सुरक्षित और सस्ती सुविधाएं मिलेंगी, जिससे शहरी यातायात व्यवस्था को एक नया आयाम मिलेगा। वहीं दूसरी ओर, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों को मजबूती देने के लिए लाई गई ‘मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना’ के तहत किसानों को केवल 6 प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर 6 लाख रुपये तक के ऋण का प्रावधान किया गया है।
सरकार ने इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए 384 करोड़ रुपये का कुल बजट तय किया है। योजना का मुख्य लक्ष्य अगले 5 वर्षों में राज्य के 5 लाख पात्र किसानों को सीधे तौर पर लाभ पहुंचाना है। इस पहल से प्रदेश के किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी।











